प्रयास सभागृह परिसर के आसपास में कचरा कुंडी ओवरफ्लो, चारों तरफ गंदगी और दुर्गंध;
सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटने वाले जनप्रतिनिधियों को सफाई की समस्या क्यों नहीं दिख रही?
प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस नगर परिषद के प्रभाग क्रमांक 4 में प्रयास सभागृह के आसपास स्थित एक खाली प्लॉट पर रखी गई कचरा कुंडी स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। प्रभाग के नगरसेवक, नगरसेविका और संबंधित ठेकेदार की कथित निष्क्रियता के चलते कचरा कुंडी पूरी तरह भर चुकी है। कचरा कुंडी से बाहर निकलकर आसपास के पूरे परिसर में फैल रहा है, लेकिन सफाई व्यवस्था की ओर किसी का ध्यान जाता दिखाई नहीं दे रहा है।
प्लास्टिक, घरेलू कचरा और पत्तों के ढेर से पूरा परिसर गंदा हो चुका है। चारों तरफ फैली दुर्गंध के कारण स्थानीय नागरिकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इस गंदगी के बीच रहना पड़ रहा है। वहीं, मच्छरों और मक्खियों के बढ़ते प्रकोप से बीमारियां फैलने की आशंका भी नागरिकों को सता रही है।
अब सफाई की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि खंभों पर लाइट लगाकर सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो साझा करने वाले जनप्रतिनिधियों को अपने ही प्रभाग में फैला कचरा क्यों दिखाई नहीं दे रहा है? क्या खंभों पर लाइट लगाना ही विकास है? सोशल मीडिया पर विकास की तस्वीरें दिखाने से क्या नागरिकों की समस्याएं खत्म हो जाती हैं?
नागरिकों का कहना है कि विकास का मतलब केवल त्योहारों पर रोशनी लगाना और सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटना नहीं, बल्कि नियमित सफाई, कचरा उठाने की व्यवस्था और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है।
अब सवाल यह है कि प्रभाग के जनप्रतिनिधि और संबंधित ठेकेदार इस समस्या पर कब ध्यान देंगे? नगर परिषद प्रशासन भी आखिर कब जागेगा?
नागरिकों को सोशल मीडिया पर विकास के दावे नहीं, बल्कि अपने आसपास स्वच्छता और साफ-सफाई चाहिए। अब देखना यह है कि नगर परिषद प्रशासन कचरा कुंडी हटाने, नियमित कचरा उठाने और परिसर की सफाई के लिए कब ठोस कदम उठाता है।




