(प्रणयकुमार बंडी)
चंद्रपुर: महाराष्ट्र में मंत्रीमंडल फेरबदल की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है, और इसका सीधा असर अब चंद्रपुर जिले की राजनीति पर भी दिखाई देने लगा है। खासतौर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार को एक बार फिर मंत्रीपद मिलने की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। इस राजनीतिक हलचल का असर जिले में महसूस किया जा रहा है, विशेष रूप से विधायक के गुट में बढ़ती गतिविधियों के रूप में।
हाल ही में जब वर्तमान पालकमंत्री चंद्रपुर के दौरे पर आए थे, तब जितनी भीड़ और सक्रियता की उम्मीद की जा रही थी, उससे कहीं अधिक जनसमर्थन और हलचल अब मुनगंटीवार के आगामी जन्मदिन के संदर्भ में हो रही बैठकों और तैयारियों में दिख रही है। इस प्रकार की स्थिति ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।
यह सवाल अब उठने लगा है कि क्या यह घटनाक्रम केवल व्यक्तिगत समर्थन और लोकप्रियता का प्रतीक है या फिर इसके पीछे पार्टी के भीतर शक्ति प्रदर्शन और गुटबाजी की रणनीति छिपी है? क्या ये सारी तैयारियां मंत्रीमंडल फेरबदल से पहले अपना प्रभाव दिखाने की कोशिश है, या फिर यह केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने की कोशिश मात्र है?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की हलचलें अक्सर तब देखने को मिलती हैं जब सत्ता में हिस्सेदारी या पद की संभावनाएं बन रही होती हैं। हालांकि, कुछ का मानना है कि पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अलग-अलग नेताओं का जनसमर्थन दर्शाना स्वाभाविक है।
फिलहाल तो चंद्रपुर में जोर्गेवार खेमें की बढ़ती सक्रियता और मुनगंटीवार की संभावित वापसी को लेकर चल रही चर्चा ने जिले की राजनीति को गर्मा दिया है। अब देखना यह होगा कि यह गतिविधियां किस दिशा में जाती हैं और इसका प्रभाव स्थानीय तथा राज्य स्तर की राजनीति पर कितना पड़ता है।





