सतना, मध्य प्रदेश – जिले की कोलगवां थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखी गई भारी मात्रा में नशीली सिरप जब्त की है। पुलिस ने कुल 810 शीशी ONREX सिरप बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.62 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध नशीली सिरप की बड़ी खेप के साथ इलाके में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि यह सिरप क्षेत्र में नशे के रूप में इस्तेमाल के लिए सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कोलगवां थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।




