कोलकाता: मशहूर लेखिका अनुराधा कपूर की बहुप्रतीक्षित पुस्तक “लीप्स एंड बाउंड्स” का भव्य विमोचन कोलकाता के इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशन (आईसीसीआर) के प्रतिष्ठित सत्यजीत रे ऑडिटोरियम में बड़े ही हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।
यह पुस्तक उन साहसी और आत्मनिर्भर महिलाओं की प्रेरणादायक जीवन यात्राओं का संग्रह है, जिन्होंने कठिनाइयों को पार करते हुए अपने सपनों को साकार किया। विमोचन समारोह में सांस्कृतिक और उद्यमिता जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। इनमें प्रख्यात गायिका उषा उत्थुप, पिंकी कपूर, नेहा फतेहपुरिया और प्रेरणा फोमरा जैसी विशिष्ट अतिथियां प्रमुख रहीं।
इस आयोजन में न केवल पुस्तक के विमोचन का उत्सव मनाया गया, बल्कि महिलाओं में छिपी शक्ति, साहस और आत्म-निर्भरता की भावना का भी गौरवपूर्ण जश्न मनाया गया।
“लीप्स एंड बाउंड्स” एक प्रभावशाली और सशक्त संकलन है, जिसमें विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों से गुजरती महिलाओं की वास्तविक जीवन की प्रेरक कहानियाँ प्रस्तुत की गई हैं। यह पुस्तक न केवल एक पठनीय दस्तावेज है, बल्कि आत्म-प्रेरणा और आत्म-विश्वास का प्रतीक बनकर उभरती है।
इस मौके पर लेखिका अनुराधा कपूर ने कहा, “‘लीप्स एंड बाउंड्स’ मेरे लिए प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। इन प्रेरणादायक महिलाओं से मिलना मेरे जीवन का एक अमूल्य अनुभव रहा। इनकी कहानियों ने मुझे सिखाया कि आत्म-विश्वास और सामुदायिक सहयोग से असंभव भी संभव हो सकता है। मैं आशा करती हूँ कि यह पुस्तक पाठकों को भी अपने सपनों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।”
यह पुस्तक अब बाजार में उपलब्ध है और पाठक इसे खरीदकर प्रेरणा की इस अनमोल यात्रा में शामिल हो सकते हैं। लेखिका ने पाठकों से भावुक अपील करते हुए कहा, “मैं आपको आमंत्रित करती हूँ कि आप भी इस यात्रा में मेरे साथ चलें और इन महिलाओं की कहानियों से प्रेरणा लें।”
“लीप्स एंड बाउंड्स” निश्चित ही आज के समय में एक प्रेरक दस्तावेज के रूप में उभरेगी, जो आत्म-निर्भरता और बदलाव के लिए संघर्ष कर रहे हर व्यक्ति को एक नई ऊर्जा और दिशा देगी।




