न्यूयॉर्क, अमेरिका: ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमलों के बाद न्यूयॉर्क समेत देशभर के कई प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। न्यूयॉर्क शहर में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और युद्ध के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए।
प्रदर्शनकारियों ने टाइम्स स्क्वायर और यूनियन स्क्वेयर जैसे प्रमुख इलाकों में मार्च निकाला, हाथों में ‘No War on Iran’, ‘Peace Not War’ और ‘Diplomacy First’ जैसे बैनर थामे लोगों ने अमेरिका की विदेश नीति पर सवाल उठाए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) ने एहतियात के तौर पर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार, हमलों के बाद किसी भी संभावित जवाबी कार्रवाई या आतंकी खतरे को देखते हुए मेट्रो स्टेशनों, एयरपोर्ट्स और संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
व्हाइट हाउस ने अपने बयान में कहा है कि यह कार्रवाई “ईरान द्वारा जारी खतरे” के जवाब में की गई है, जबकि ईरान ने इसे “आक्रामकता का खुला उदाहरण” बताते हुए कड़े प्रतिशोध की चेतावनी दी है।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त की है और दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।
स्थिति पर निगरानी जारी है और आगे की घटनाओं पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।




