नई दिल्ली, 11 मई: भारत और पाकिस्तान के बीच अचानक हुई सीजफायर की घोषणा ने सभी को चौंका दिया है, लेकिन इससे भी बड़ा आश्चर्य तब हुआ जब यह घोषणा किसी पारंपरिक राजनयिक चैनल के बजाय अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा सोशल मीडिया पर की गई।
कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पिछले 24 घंटों में घटनाक्रम बहुत तेजी से बदला है। हम सभी को आश्चर्य हुआ कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति ने की।”
उन्होंने कहा कि यह संभवतः पहली बार है जब किसी तीसरे देश के राष्ट्राध्यक्ष ने भारत-पाक मसले पर सोशल मीडिया के माध्यम से सीजफायर की घोषणा की है।
पायलट ने अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा किए गए सोशल मीडिया पोस्ट पर भी ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच जो मसला है, उसका अंतरराष्ट्रीयकरण किया जाना बेहद चौंकाने वाला है।
राजनीतिक विश्लेषक इसे क्षेत्रीय संतुलन और वैश्विक कूटनीति के लिहाज से एक महत्वपूर्ण मोड़ मान रहे हैं। हालांकि, इस पर भारत सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।




