नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत देते हुए पानी की सप्लाई में सुधार की घोषणा की।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, “आज हम यहां से पानी की सप्लाई शुरू कर रहे हैं, जिसमें आपको सुबह 6 बजे से 8 बजे तक पानी मिलेगा और शाम को भी आधे घंटे तक पानी मिलेगा। आपको शाम को पानी नहीं मिलता था, अब आपको दो बार पानी मिलेगा।”
इस अवसर पर स्थानीय निवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में जलापूर्ति के साथ-साथ सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट्स और सार्वजनिक पार्कों के सौंदर्यीकरण जैसी अन्य योजनाएं भी जल्द लागू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।