नागपुर – भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के कई प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों को ‘ईट राइट कैंपस’ प्रमाणपत्र प्रदान किया है। यह सम्मान रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और रनिंग स्टाफ को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की उनकी प्रतिबद्धता को प्रमाणित करता है।
प्रमाणन प्राप्त करने वाले प्रतिष्ठानों में नागपुर मंडल रेलवे अस्पताल कैंटीन, डीआरएम कार्यालय स्टाफ कैंटीन, नागपुर रनिंग रूम, बल्लारशाह रनिंग रूम (ताप्ती और गोदावरी), आमला रनिंग रूम और वर्धा रनिंग रूम शामिल हैं। एफएसएसएआई द्वारा किए गए गहन मूल्यांकन में खाद्य सुरक्षा प्रोटोकॉल, स्वच्छता पद्धतियां और पोषण मानकों के आधार पर सख्त जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान रसोई और परिसर की सफाई, पानी की गुणवत्ता और सुरक्षा उपाय, भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन जैसी विभिन्न बातों की कड़ाई से जांच की गई। इन प्रतिष्ठानों ने एफएसएसएआई के सख्त दिशानिर्देशों का बेहतरीन पालन कर उच्चतम खाद्य सुरक्षा मानकों को बनाए रखा है।




