Tuesday, September 8, 2026

Breathe of Life Multipurpose Society UCO BANK- A/C- 09110110049020, IFSC : UCBA0000911, MICR CODE : 442028501

spot_img
spot_img

30 साल पुराने शांतिनगर की तलाश या सियासी तमाशा?

बुद्ध विहार विवाद ने व्यवस्था पर खड़े किए तीखे सवाल

30-Year-Old Shantinagar: A Search for Truth or a Political Drama? Buddha Vihar Dispute Raises Tough Questions Over the System

बोधिसत्व बुद्ध विहार एवं ध्यान साधना केंद्र को लेकर आमरण अनशन; प्रशासन, नगर परिषद, जनप्रतिनिधियों और संबंधित कंपनी की भूमिका पर उठ रहे गंभीर सवाल

प्रणयकुमार बंडी

घुग्घूस, जि. चंद्रपुर : घुग्घूस के शांतिनगर स्थित बोधिसत्व बुद्ध विहार एवं ध्यान साधना केंद्र को लेकर अब विवाद सिर्फ जमीन, रास्ते, NOC या अस्पताल की मांग तक सीमित नहीं रह गया है। यह मामला अब सीधे-सीधे प्रशासनिक संवेदनशीलता, जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और नागरिकों के अधिकारों का सवाल बन चुका है।

दिनांक 7 सितंबर 2026 से भिक्खु रत्नमणि थेरो द्वारा शुरू किए गए आमरण अनशन ने प्रशासन के सामने कई ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनसे अब बचना आसान नहीं होगा।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आज जिस क्षेत्र को शांतिनगर कहा जा रहा है, आखिर 30 वर्ष पहले का शांतिनगर कहां था? उस समय इस क्षेत्र में रहने वाले नागरिक आज कहां हैं? पुराने शांतिनगर की सीमा, जमीन, रास्ते और सार्वजनिक उपयोग की जगहों का रिकॉर्ड आखिर कहां है?

अगर प्रशासन के पास इस पूरे क्षेत्र का पुराना रिकॉर्ड मौजूद है, तो उसे सार्वजनिक करने में परेशानी क्या है? और यदि बोधिसत्व बुद्ध विहार एवं ध्यान साधना केंद्र किसी निजी जमीन पर बना है, तो फिर संबंधित क्षेत्र को ओपन प्लेस या सार्वजनिक उपयोग की जगह के रूप में देखने और उसके संबंध में अलग-अलग दावे सामने आने का आधार क्या है?

30 साल पुराने रिकॉर्ड की तलाश कौन करेगा?

आज आवश्यकता भाषणों की नहीं, बल्कि दस्तावेजों की जांच की है।

तीन दशक पहले शांतिनगर की वास्तविक स्थिति क्या थी? जमीन का मूल स्वरूप क्या था? वहां कौन-कौन से रास्ते थे? कौन-सी जमीन सार्वजनिक उपयोग में थी? किस जमीन पर किसका अधिकार था? उस समय की ग्राम पंचायत और आज की नगर परिषद के रिकॉर्ड में उस समय क्या दर्ज था?

इन सभी सवालों का जवाब पुराने नक्शे, जमीन अभिलेख, नगर परिषद के दस्तावेज और संबंधित विभागों के रिकॉर्ड से मिल सकता है।

लेकिन सवाल यह है कि क्या शासन-प्रशासन वास्तव में 30 साल पुराने शांतिनगर की तलाश करेगा?

या फिर फाइलें एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक घूमती रहेंगी और उपोषण स्थल पर बैठे भिक्खु रत्नमणि थेरो के सवालों का जवाब सिर्फ आश्वासनों से दिया जाएगा?

जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल

घुग्घूस में अलग-अलग राजनीतिक दलों से चुनकर आए नगर सेवक, नगर सेविका, सभापति, गटनेता और नगराध्यक्ष आखिर इस विवाद में अपनी जिम्मेदारी कब निभाएंगे?

जनता ने उन्हें केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं चुना। उनसे अपेक्षा है कि जनता के धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक हित से जुड़े मामलों में वे स्पष्ट भूमिका निभाएं।

यदि मामला गलत है तो गलत कौन है, यह सामने आना चाहिए। यदि प्रशासन सही है तो दस्तावेज सामने रखे जाने चाहिए। यदि कंपनी का पक्ष सही है तो उसका आधार सार्वजनिक होना चाहिए। और यदि नागरिकों की मांग जायज है तो समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए।

लेकिन सबसे खतरनाक स्थिति तब पैदा होती है जब सभी पक्ष चुप रहें और विवाद बढ़ता जाए।

नगर परिषद और संबंधित अस्पताल की भूमिका पर भी सवाल

विहार समिति की ओर से रास्ते, NOC रद्द करने, परिसर के संरक्षण तथा अस्पताल से संबंधित मांगों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि अब तक नगर परिषद एवं संबंधित पक्षों की ओर से ऐसा कोई ठोस और समाधानकारक निर्णय सामने नहीं आया, जिससे विवाद समाप्त हो सके।

यदि मांगें नियमों के विरुद्ध हैं, तो प्रशासन लिखित रूप से स्पष्ट करे कि क्यों?
यदि मांगें नियमसम्मत हैं, तो उन्हें स्वीकार करने में देरी क्यों?
और यदि मामला जांच के अधीन है, तो जांच की समयसीमा क्या है?

जनता को जवाब चाहिए—आश्वासन नहीं।

धार्मिक और सामाजिक परिसर को लेकर इतनी संवेदनहीनता क्यों?

बोधिसत्व बुद्ध विहार और ध्यान साधना केंद्र केवल ईंट-पत्थर की कोई संरचना नहीं है। उससे लोगों की धार्मिक आस्था, सामाजिक गतिविधियां और सामुदायिक भावनाएं जुड़ी होने का दावा किया जा रहा है।

ऐसे संवेदनशील मामले में प्रशासन की पहली जिम्मेदारी विवाद को बढ़ने से रोकना और सभी पक्षों को साथ लेकर कानूनी एवं दस्तावेजी आधार पर समाधान निकालना होनी चाहिए।

लेकिन जब समाधान की जगह चुप्पी दिखाई देती है, तो सवाल उठना स्वाभाविक है।

कंपनी के प्रतिनिधि की भूमिका भी जांच के दायरे में आए

मामले में संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि की भूमिका को लेकर भी उपोषण स्थल पर सवाल उठाए जा रहे हैं। यदि किसी प्रतिनिधि के व्यवहार या निर्णय से विवाद और अधिक गंभीर हो रहा है, तो प्रशासन को निष्पक्ष रूप से इसकी जांच करनी चाहिए।

किसी भी निजी कंपनी को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता और न ही किसी नागरिक या धार्मिक-सामाजिक संस्था को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति दी जा सकती है।

कानून-व्यवस्था बिगड़ने से पहले विवाद का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

अब असली परीक्षा एकता की है

इस पूरे प्रकरण का एक और महत्वपूर्ण पहलू राजनीति है।

क्या घुग्घूस के विभिन्न राजनीतिक दल इस मुद्दे पर जनहित के आधार पर एकजुट होकर खड़े होंगे? या फिर राजनीतिक दलों की सीमाएं इस मुद्दे को भी अलग-अलग खेमों में बांट देंगी?

यदि मामला वास्तव में नागरिकों, धार्मिक स्थल और सार्वजनिक हित से जुड़ा है, तो विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन न्याय और जनहित के सवाल पर आवाज एक होनी चाहिए।

अब जनता यह देख रही है कि कौन उपोषण स्थल तक पहुंचता है, कौन सिर्फ बयान देता है और कौन वास्तव में प्रशासन के दरवाजे पर दस्तावेजों के साथ खड़ा होता है।

अब तमाशा नहीं, जवाब चाहिए

आज जरूरत किसी राजनीतिक तमाशे की नहीं, बल्कि साफ-सुथरी जांच और निर्णायक कार्रवाई की है।

शासन-प्रशासन चाहे तो 30 वर्ष पुराने शांतिनगर का रिकॉर्ड निकाल सकता है। जमीन का इतिहास सामने ला सकता है। रास्ते और ओपन प्लेस की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर सकता है। NOC से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक कर सकता है। संबंधित कंपनी की भूमिका की जांच कर सकता है। नगर परिषद की जिम्मेदारी तय कर सकता है और सभी पक्षों को सामने बैठाकर समाधान निकाल सकता है।

लेकिन यदि ऐसा नहीं हुआ तो सवाल और तीखे होंगे।

क्या 30 साल पुराने शांतिनगर की तलाश होगी?
क्या आज के शांतिनगर का सच सामने आएगा?
क्या भिक्खु रत्नमणि थेरो को आमरण अनशन पर बैठने की नौबत दोबारा किसी और नागरिक को नहीं आएगी?
क्या जनप्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता के साथ खड़े होंगे?
और क्या संबंधित कंपनी का विवादास्पद रवैया कानून-व्यवस्था की स्थिति को और गंभीर होने से पहले रोका जाएगा?

इन सवालों का जवाब अब सिर्फ उपोषण स्थल पर बैठे लोगों को नहीं, बल्कि पूरे घुग्घूस को चाहिए।

क्योंकि मामला केवल एक विहार का नहीं है।

मामला है—रिकॉर्ड बनाम दावे का, जनता बनाम चुप्पी का और जवाबदेही बनाम राजनीतिक मौन का।

अब देखना यह है कि शासन-प्रशासन 30 साल पुराने शांतिनगर का सच खोजता है, या यह पूरा विवाद भी फाइलों, बयानों और राजनीति की गलियों में खोकर रह जाता है।

spot_img

Pranaykumar Bandi

WhatsApp No - 9112388440
WhatsApp No - 9096362611
Email id: vartamanvarta1@gmail.com

RELATED ARTICLES
Today News

Breaking News

Crime News