नागपुर : मध्य रेल के नागपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025–26 की शुरुआत में ही कबाड़ बिक्री से अब तक 3.83 करोड़ रुपये की उल्लेखनीय आय अर्जित की है। यह उपलब्धि चालू वर्ष के लिए निर्धारित 65 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत और सकारात्मक शुरुआत मानी जा रही है।
भारतीय रेल की संपत्तियों का अधिकतम उपयोग और दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से नागपुर मंडल लगातार अनुपयोगी सामग्री की पहचान, वर्गीकरण और योजनाबद्ध निपटान की प्रक्रिया को सख्ती से लागू कर रहा है। विभिन्न विभागों में नियमित रूप से नीलामियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और कार्यकुशलता सुनिश्चित की जा रही है।
वित्तीय वर्ष 2024–25 में नागपुर मंडल ने कबाड़ बिक्री से कुल 55.51 करोड़ रुपये की आय अर्जित कर एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार किया था। यह सफलता सूक्ष्म योजना, अंतरविभागीय समन्वय और केंद्रित क्रियान्वयन के कारण संभव हो पाई।
कबाड़ बिक्री से न केवल राजस्व में वृद्धि होती है, बल्कि रेल परिसरों में स्थान का बेहतर प्रबंधन भी संभव होता है। इसके साथ ही यह पहल पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को भी बढ़ावा देती है, क्योंकि इसमें पुन: उपयोग और पुनर्निर्माण को प्रोत्साहित किया जाता है।
मंडल ने चालू वर्ष का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्धता जताई है और समयबद्ध कार्रवाई तथा सभी यूनिट्स के समन्वित प्रयासों से इस लक्ष्य को प्राप्त करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया है।




