गड़चिरोली : जिले में विदर्भ की काशी के नाम से प्रसिद्ध श्री क्षेत्र मार्कंडादेव में महाशिवरात्रि के अवसर पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. हजारों श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान मार्कंडेश्वर महादेव के दर्शन किए और वैगंगा नदी में पवित्र स्नान कर पारंपरिक विधि से पूजा-अर्चना की.
आज सुबह विधायक डॉ. मिलिंद नरोटे और हरणघाट हनुमान मंदिर के संत मुरलीधर महाराज के हाथों महापूजा संपन्न हुई. दोपहर में सांसद नामदेव किरसान ने भी भगवान शिव का अभिषेक कर दर्शन किए.
इस पवित्र स्थल पर सिर्फ विदर्भ ही नहीं, बल्कि तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सहित कई अन्य राज्यों से भी लाखों श्रद्धालु पहुंचे हैं.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं. एसडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम 5 नावों की मदद से नदी में गश्त कर रही है, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई हैं.
मार्कंडादेव में इस समय भक्तिमय माहौल बना हुआ है और संपूर्ण क्षेत्र हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा है.




