घुग्घुस (चंद्रपुर) : एम.आर.आई.डी.सी. के निर्माणाधीन क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट चालकों और मालिकों की मनमानी अपने चरम पर है. ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है. हाल ही में एक ट्रक चालक द्वारा मामूली विवाद के चलते तलवार निकालने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.
सूत्रों के अनुसार, राजीव रत्न चौक भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र है, लेकिन पुलिस की ढिलाई के कारण यहां लगातार ट्रकों की आवाजाही जारी है. इसके चलते सड़क पर अराजकता फैल रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया के नीचे और आसपास ट्रांसपोर्टरों की मनमानी चरम पर है, जिससे आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है.
पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल
शनिवार, 15 फरवरी 2025 को ट्रैफिक जाम के दौरान एक ट्रक चालक ने अपनी तलवार निकाल ली, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई. हालांकि, पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह केवल दिखावा है.
क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमराने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस सुभाष नगर चौकी में बैठी रहती है और जाम लगने के बाद ही हरकत में आती है. नागरिकों का आरोप है कि पुलिस की यह निष्क्रियता क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को निमंत्रण दे रही है.
प्रशासन को करनी होगी सख्त कार्रवाई
नागरिकों ने SP और DYSP से अपील की है कि वे स्वयं क्षेत्र में आकर स्थिति का जायजा लें और आम जनता को सुरक्षा प्रदान करें. साथ ही, निर्माणाधीन क्षेत्र में नियमों की अनदेखी करने वाले ट्रांसपोर्टरों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
यदि प्रशासन ने समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले समय में यह क्षेत्र गंभीर कानून-व्यवस्था की समस्या का सामना कर सकता है. अब देखना यह है कि क्या पुलिस और प्रशासन इस बढ़ती अराजकता पर लगाम कसते हैं या फिर नागरिकों की समस्याएं यूं ही बनी रहेंगी.




