Sunday, July 26, 2026

Breathe of Life Multipurpose Society UCO BANK- A/C- 09110110049020, IFSC : UCBA0000911, MICR CODE : 442028501

spot_img
spot_img

घुग्घूस की ‘लोहा पुलिया’ कब होगी जनता के हवाले? वर्षों का इंतजार अब खत्म करने की मांग, नागरिक बोले—अब और नहीं सहेंगे परेशानी

प्रणयकुमार बंडी

घुग्घूस/चंद्रपुर: घुग्घूस शहर की बहुप्रतीक्षित लोहा पुलिया का निर्माण कार्य इन दिनों युद्ध स्तर पर जारी है। वर्षों से अधर में लटकी इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर अब शहरवासियों की उम्मीदें फिर से जाग उठी हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा हुआ तो हजारों लोगों को रोजाना की भारी परेशानी से राहत मिलेगी।

पुलिया बंद होने के कारण गांधी नगर, सुभाष नगर, शालिकराम नगर, इंदिरा नगर, शिव नगर, शास्त्री नगर, बंगाली कैंप सहित आसपास के कई क्षेत्रों के लोगों को बाजार लाइन और शहर के मुख्य हिस्सों तक पहुंचने के लिए डेढ़ से दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इसका असर केवल समय पर ही नहीं, बल्कि ईंधन की खपत, यातायात व्यवस्था और आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों, व्यापारियों और रोजाना काम पर जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार आपात स्थिति में लंबा चक्कर लगाने के कारण लोगों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बढ़ता ट्रैफिक जाम भी नागरिकों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है।

लोगों का कहना है कि वर्षों तक यह परियोजना धीमी गति और प्रशासनिक उदासीनता की शिकार रही। अब जबकि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, तो शासन-प्रशासन और संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है कि बिना किसी और देरी के गुणवत्तापूर्ण तरीके से पुलिया का निर्माण पूरा कर इसे तत्काल आम जनता के लिए खोल दिया जाए।

शहरवासियों ने शासन, प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस परियोजना की नियमित निगरानी की जाए, निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो तथा तय समय-सीमा के भीतर पुलिया का लोकार्पण कर जनता को राहत दी जाए। नागरिकों का स्पष्ट कहना है कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

spot_img

Pranaykumar Bandi

WhatsApp No - 9112388440
WhatsApp No - 9096362611
Email id: vartamanvarta1@gmail.com

RELATED ARTICLES
Today News

Breaking News

Crime News