राजुरा (चंद्रपुर) – विश्व के वर्तमान हालातों को देखते हुए जहां एक ओर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संघर्ष और तनाव बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मानवता के समक्ष शांति, अहिंसा और करुणा जैसे मूल्यों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महसूस की जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में राजुरा के स्थानीय उपजिला अस्पताल में राजस्थानी युवा मंच द्वारा भगवान महावीर जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर सेवा, दया और मानवता का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य समाज में अहिंसा और करुणा के मूल्यों को पुनः जागृत करना रहा।
इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं वरिष्ठ नागरिक ओमप्रकाशजी बजाज, ओमप्रकाश चांडक, गोपाल झंवर, विष्णु नावंधर, सुरेश सारडा, जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला संगठन सचिव प्रशांत गोठी, राजुरा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप जैन, राजस्थानी युवा मंच के अध्यक्ष हेमंत बजाज, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष कमल बजाज, राधेश्याम सोनी, अशोक शाह, सुभाष सारडा, पूनम शर्मा, सीए सागर अडाणिया, अशोक राव, गोविंद सारडा, नितेश मुनोत और दीपक सारडा सहित अनेक समाजबंधु शामिल रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज विश्व हिंसा और संघर्ष के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह के सिद्धांत मानवता को सही दिशा दिखा सकते हैं। उन्होंने समाज से इन मूल्यों को अपनाकर शांति और सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, भाईचारा और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाएंगे।




