(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस नगर परिषद के प्रभाग क्रमांक 03 में बीते कई दिनों से लगातार पानी बह रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या पर न तो पानी पूर्वटा सभापति का ध्यान है, न ही मुख्याधिकारी, नगराध्यक्ष और संबंधित इंजीनियर कोई संज्ञान ले रहे हैं। स्थानीय नागरिकों में इसे लेकर गहरा रोष व्याप्त है।
यह पानी का लीकेज HP गैस कॉम्प्लेक्स के ठीक सामने स्थित है। यह मार्ग शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। इसी मार्ग पर बहुप्रचलित निजी चिकित्सालय, मेडिकल स्टोर्स और पैथोलॉजी लैब्स स्थित हैं। इसके अलावा यह क्षेत्र घनी रिहायशी बस्ती भी है, जहां नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एक ओर जहां शहर के कई हिस्सों में पानी की किल्लत से नागरिक त्रस्त हैं, वहीं दूसरी ओर प्रभाग क्रमांक 03 में स्वच्छ पेयजल सड़कों पर बहाया जा रहा है। यह नगर परिषद की घोर लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता को साफ तौर पर दर्शाता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी सिर्फ आंख मूंदे बैठे हैं। बहता पानी सड़क को नुकसान पहुंचा रहा है, फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से स्वास्थ्य संकट भी गहराता जा रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब समस्या सबकी आंखों के सामने है, तो नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी आखिर किस बात का इंतजार कर रहे हैं? क्या किसी बड़ी दुर्घटना या जनहानि के बाद ही प्रशासन नींद से जागेगा?
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से मांग की है कि तत्काल लीकेज की मरम्मत कर पानी की बर्बादी रोकी जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगी।




