(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर : शहर के शालीकाराम नगर क्षेत्र में लोहे के पुल से मुख्य मार्ग तक जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर लंबे समय से स्थानीय नागरिकों में नाराज़गी देखी जा रही थी। सड़क पर जगह–जगह बड़े गड्ढे होने से आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से बारिश के दिनों में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शिवसेना (शिंदे गट) के स्थानीय पदाधिकारी उमेश गुप्ता ने वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के उप क्षेत्र प्रबंधक, घुग्घुस को लिखित निवेदन सौंपकर लोहे के पुल से मुख्य मार्ग तक पक्की डामरीकरण सड़क निर्माण की मांग की थी। निवेदन में स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं तथा दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को हो रही दैनिक दिक्कतों का उल्लेख करते हुए जनहित में तत्काल कार्रवाई की अपील की गई थी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होने की बात रखी गई थी।
यह निवेदन 09 जनवरी 2026 को घुग्घुस में कार्यालय में जमा किया गया था, जिसकी प्राप्ति मुहर भी दर्ज की गई थी। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी थी कि यदि शीघ्र कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि प्रशासन ने इस मांग को संज्ञान में लेते हुए 09 जनवरी 2026 को भूमिपूजन के साथ सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया, जिससे क्षेत्रवासियों में संतोष का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित होगी तथा वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।




