ठाणे, महाराष्ट्र | बदलापुर के खारपुड़ी MIDC (महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) क्षेत्र में स्थित पैसिफिक केमिकल कंपनी में कल शाम करीब 6.50 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग कंपनी परिसर में मौजूद केमिकल सामग्री के कारण तेजी से फैल गई थी। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया गया और कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है और क्षेत्र में निगरानी जारी है।




