घुग्घुस (चंद्रपुर) : शहर में फुटपाथ व्यवसाय दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन नगर परिषद द्वारा निर्धारित स्थानों पर न बैठकर ये व्यवसायी मुख्य महामार्ग से सटकर दुकानें लगा रहे हैं. इससे न केवल आम नागरिकों को परेशानी हो रही है बल्कि यातायात भी प्रभावित हो रहा है.
यह समस्या चंद्रपुर-वणी हाईवे (MH-7) पर विशेष रूप से देखने को मिल रही है, जहां फुटपाथ व्यवसायी सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाकर बैठ जाते हैं. इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. इसके बावजूद, घुग्घुस ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद कार्यालय के अधिकारी इस ओर गंभीर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे उनकी कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.
स्थानीय सामाजिक नागरिकों ने कई बार नगर परिषद और पुलिस प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को बड़ी दुर्घटना के इंतजार में बैठने की बजाय जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक मौन रहता है, या फिर समय रहते उचित कार्रवाई कर फुटपाथ व्यवसायियों को निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित करता है. शहरवासियों की निगाहें अब प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं.




