प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस (चंद्रपुर) : घुग्घुस की बस्ती और वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) कामगार वसाहत और अन्य क्षेत्रों को जोड़ने वाले फुटवेयर पुलिया की मरम्मत कार्य ने स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है. कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं के बीच श्रेय लेने की राजनीति अब खुलकर सामने आ गई है.
मरम्मत कार्य पर विवाद:
पुलिया की मरम्मत लंबे समय से स्थानीय निवासियों की प्राथमिक मांगों में से एक थी. इसके शुरू होने की जानकारी मिलते ही कांग्रेस सांसद और बीजेपी विधायक के समर्थकों ने श्रेय लेने के लिए एक-दूसरे पर बयानबाजी शुरू कर दी है. दोनों दलों के नेताओं ने अपने-अपने चहेते कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रेस नोट जारी करना शुरू कर दिया है.
कांग्रेस का दावा:
कांग्रेस के चंद्रपुर – वणी – अरणी लोकसभा सांसद के समर्थकों ने कहा कि पुलिया की मरम्मत कार्य उनकी पार्टी की सक्रियता और संबंधित अधिकारियों से बातचीत की नतीजा है. उनका दावा है कि सांसद ने इस मुद्दे को बार-बार अधिकारियों अवगत कराया, जिसके बाद कार्य शुरू हुआ.
बीजेपी की प्रतिक्रिया:
बीजेपी के राजुरा विधान सभा क्षेत्र के विधायक के चहेते नेताओं ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि पुलिया की मरम्मत विधायक की पहल के कारण संभव हो पाई. उन्होंने दावा किया कि विधायक ने इस परियोजना के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की.
स्थानीय जनता का नजरिया:
घुग्घुस के निवासी इस राजनीतिक रस्साकशी से नाराज हैं. उनका कहना है कि मरम्मत कार्य को लेकर श्रेय की राजनीति करने के बजाय नेताओं को मिलकर इस परियोजना को शीघ्र पूरा करने की दिशा में काम करना चाहिए. घुग्घुस की जनता ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे श्रेय की राजनीति छोड़कर क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करें.




