काठमांडू: उत्तरी नेपाल में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने सीमावर्ती इलाकों में भारी तबाही मचा दी। तिब्बत की दिशा से आने वाली भोटे कोशी नदी में सुबह करीब 9 बजे अचानक पानी का प्रवाह बढ़ गया, जिसके बाद रसुवा जिले के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई।
नेपाली सेना के अनुसार, पानी के अचानक बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और आसपास के स्याफरुबेसी क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ के तेज बहाव में कई वाहन, सामान और अन्य संपत्तियां बह जाने की जानकारी सामने आई है। अचानक आई बाढ़ के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थिति को देखते हुए नेपाल के आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण ने कई जिलों के नदी तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को हाई अलर्ट पर रहने की सलाह दी है। प्राधिकरण ने रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, चितवन और गोरखा जिलों के नदी किनारे रहने वाले नागरिकों से अगली सूचना तक विशेष सावधानी बरतने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने का आग्रह किया है।
प्रशासन की ओर से लोगों को नदी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। अचानक बढ़े जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच भी चिंता बढ़ गई है।
बाढ़ की स्थिति पर नेपाली प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन और राहत-बचाव कार्यों को लेकर भी कार्रवाई जारी है।




