एटापल्ली : अवैध गोवंश परिवहन के खिलाफ गडचिरोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एटापल्ली पुलिस थाना क्षेत्र में दो ट्रकों समेत 88 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब ₹38.20 लाख बताई गई है।
एटापल्ली पुलिस की टीम ने कसनसूर–आलापल्ली मार्ग पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं का परिवहन कर रहे दो ट्रकों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान कुल 88 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया गया तथा दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया।

इस मामले में अज्ञात वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ एटापल्ली पुलिस थाने में संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।
अवैध गोवंश परिवहन के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर यह लगातार चौथी बड़ी कार्रवाई है। कोटगुल, कुरखेडा और एटापल्ली पुलिस थाना क्षेत्रों में की गई इन कार्रवाइयों के दौरान अब तक कुल 145 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर गडचिरोली पुलिस द्वारा अवैध गोवंश परिवहन और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखने का संकेत दिया है।




