रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे क्षेत्र में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। खराब मौसम के चलते यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार हो रही बारिश और ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के कारण गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर जगह-जगह पहाड़ियों से बड़े-बड़े बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे मार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है, जिससे तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (DDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और पुलिस के जवानों को तैनात किया है। ये टीमें रास्ता साफ करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हुई हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




