प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस, चंद्रपुर : शहर के शास्त्रीनगर इलाके में एक बार फिर चौंकाने वाली और बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय प्रशासन और WCL अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आज दिनांक 20 मार्च 2026 की सुबह जिनेश्वर ताल्लापेल्ली के घर क्रमांक 224 के नल से जिंदा कीड़ा (जेरी) निकलने की घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है।
हैरानी की बात यह है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ ही दिन पहले इसी इलाके में नल से सांप का बच्चा निकलने की सनसनीखेज घटना सामने आई थी, जिसकी शिकायत घुग्घुस पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी और WCL अधिकारियों को भी इस गंभीर समस्या से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं, जो प्रशासन की घोर लापरवाही और उदासीनता को उजागर करता है।
स्थानीय नागरिकों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि नलों से साफ पानी की जगह अब जानलेवा जीव निकल रहे हैं, जो सीधे-सीधे नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ है।
घुग्घुस नगर परिषद के नियोजन, विकास व सांस्कृतिक सभापति रवीश विनय सिंग ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “यदि WCL के अधिकारी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज करते रहे और जल्द से जल्द पाइपलाइन को बदलने का काम नहीं किया गया, तो हमें मजबूरन संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सदोष मानवहत्या जैसे गंभीर अपराध में कार्रवाई के लिए पत्राचार करना पड़ेगा।”
उन्होंने नगर परिषद के आरोग्य सभापति से भी इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक घुग्घुस की जनता इस तरह की भयावह और अस्वास्थ्यकर स्थितियों में जीने को मजबूर रहेगी? क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।




