(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस नगर परिषद कार्यालय के नगराध्यक्ष एवं नगर सेवकों से शहर में लंबे समय से लंबित पड़ी फेरफार (नामांतरण) प्रक्रिया को तत्काल शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। बताया जा रहा है कि पिछले 6-7 वर्षों से फेरफार की प्रक्रिया स्थगित होने के कारण अनेक जरूरतमंद एवं गरीब परिवार विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
जानकारी के अनुसार दिनांक 06/02/2026 को आयोजित मासिक बैठक में नगर सेविका एवं भाजपा गठनेता मीणा चांद मोरपाका ने फेरफार प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। उनका कहना था कि जब तक संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों में नामांतरण (फेरफार) नहीं होगा, तब तक पात्र नागरिकों को घरकुल योजना सहित अन्य आवास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा।
इस बार की बैठक में भी इस विषय को पूर्ण बहुमत से पारित कर प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने की मांग की गई है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि शहर के अनेक गोरगरीब परिवार वर्षों से अपने हक के लिए इंतजार कर रहे हैं। दस्तावेजी अड़चनों के कारण उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनका आर्थिक व सामाजिक विकास प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए फेरफार प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। यदि समय रहते निर्णय लिया जाता है तो सैकड़ों पात्र परिवारों को घरकुल, पेंशन, अनुदान एवं अन्य शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
अब सभी की निगाहें आगामी नगर परिषद बैठक पर टिकी हैं, जहां इस प्रस्ताव को पूर्ण बहुमत से पारित कर अमल में लाने की उम्मीद जताई जा रही है।




