झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड अंतर्गत कसारिया पंचायत क्षेत्र में एक एयर एंबुलेंस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें दो क्रू सदस्य भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार, यह विमान Redbird Airways Pvt Ltd का बीचक्राफ्ट C90 (Beechcraft C90) एयरक्राफ्ट (पंजीकरण संख्या VT-AJV) था, जो रांची से दिल्ली के लिए मेडिकल इवैक्यूएशन (एयर एंबुलेंस) उड़ान पर था। विमान ने शाम 7:11 बजे (19:11 IST) रांची से उड़ान भरी थी।
उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान चतरा जिले के कसारिया पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए हैं।
हादसे में सवार लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा मामले की जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है।
प्रशासन ने क्षेत्र को सील कर दिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।




