नागपुर : केंद्रीय मजदूर संगठनों (CTUs) के आह्वान पर आगामी 12 फरवरी 2026 को देश के कोयला उद्योग में एकदिवसीय हड़ताल की घोषणा की गई है। यह अपील इंडियन नेशनल माइनवर्कर्स फेडरेशन (इंटक) की ओर से जारी की गई है।
जारी अपील में कहा गया है कि कोल इंडिया लिमिटेड (CIL), उसकी विभिन्न इकाइयों तथा सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (SCCL) के अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की ओर से मजदूरों को भ्रमित, भयभीत एवं दबाव में लेने के प्रयास किए जा रहे हैं। संगठन ने मजदूरों से ऐसे किसी भी दबाव या बहकावे में न आने की अपील की है।
फेडरेशन के अनुसार यह हड़ताल भारत सरकार की किसान और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ आयोजित की जा रही है। संगठन ने ठेका मजदूरों सहित सभी कोयला श्रमिकों से 12 फरवरी की हड़ताल को पूर्ण रूप से सफल बनाने का आह्वान किया है।
साथ ही, देश के कोयला प्रबंधन से संवैधानिक दृष्टिकोण अपनाने, श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक न्याय, औद्योगिक संबंधों और शांति व्यवस्था को बनाए रखने में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की गई है, ताकि श्रमिकों एवं ट्रेड यूनियनों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
फेडरेशन के महासचिव एस. क्यू. जमा ने अंत में “मजदूर एकता जिंदाबाद” का नारा देते हुए सभी संबद्ध यूनियनों से एकजुट होकर हड़ताल में भाग लेने का आग्रह किया है।




