महासमुंद (छत्तीसगढ़) | जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोमाखान पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एक संदिग्ध एंबुलेंस से करीब 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक एंबुलेंस का उपयोग मादक पदार्थ की तस्करी के लिए किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कोमाखान थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
इस कार्रवाई में महाराष्ट्र निवासी तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एंबुलेंस का इस्तेमाल कर राज्यों की सीमाएं पार करते हुए गांजा की तस्करी कर रहे थे, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने गांजे के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त एंबुलेंस वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजा की सप्लाई कहां से की जा रही थी और कहां पहुंचाया जाना था।




