(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर — घुग्घुस शहर में मुस्लिम समाज की लगभग 4,000 से अधिक आबादी होने के बावजूद, आज तक समाज के लिए एक भी समाज भवन का निर्माण नहीं किया गया है। इसके कारण समाज के बुज़ुर्गों के इज्तेमा, बच्चों के विभिन्न कार्यक्रम, शादी-विवाह, मिलाद, मीटिंग सहित हर तरह के सामाजिक आयोजनों के लिए जगह ढूँढना आज भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है।
इसी महत्वपूर्ण मुद्दे को देखते हुए घुग्घुस शहर के मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने महाराष्ट्र राज्य के अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे जिया ख़ान को एक औपचारिक निवेदन सौंपकर तत्काल समाज भवन निर्माण की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बढ़ती आबादी और सामाजिक गतिविधियों की संख्या को देखते हुए समाज भवन की आवश्यकता अब अनिवार्य हो गई है।
निवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि समाज भवन बनने से न केवल सामाजिक कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जा सकेगा, बल्कि शिक्षा, जागरूकता और समुदाय विकास से जुड़े कई कार्यक्रम भी निरंतर चलाए जा सकेंगे।
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे जिया ख़ान ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांग पर सकारात्मक विचार किया जाएगा और संबंधित विभागों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय मुस्लिम समाज को अब उम्मीद है कि वर्षों से लंबित यह मांग जल्द ही पूरी होगी और शहर में एक आधुनिक, सर्वसुविधायुक्त समाज भवन का निर्माण हो सकेगा।




