रायपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने कथित बहुचर्चित शराब घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और तत्कालीन आबकारी आयुक्त निरंजन दास को गिरफ्तार किया है।
खबरों के अनुसार, दास पर आरोप है कि उन्होंने आबकारी विभाग में रहते हुए कथित घोटाले को अंजाम देने और संचालित करने में सिंडिकेट की सक्रिय मदद की। जांच एजेंसियों का कहना है कि इस घोटाले से राज्य सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचा।
ACB और EOW की संयुक्त टीम ने दास को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। एजेंसियों का दावा है कि शराब ठेकों और सप्लाई सिस्टम में गड़बड़ियों के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध कमाई की गई थी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में यह शराब घोटाला पिछले कुछ वर्षों से सुर्खियों में रहा है और इसमें कई कारोबारी तथा अफसरों की भूमिका की जांच जारी है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।




