(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस (चंद्रपुर) | नगर परिषद घुग्घुस ने क्षेत्रवासियों को सख्त चेतावनी देते हुए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि शहर क्षेत्र में खुले में घूमते मवेशियों की जिम्मेदारी उनके मालिकों की होगी और ऐसे मवेशियों को नगर परिषद द्वारा जब्त कर कांजी हाऊस (पशु शेड) में रखा जाएगा।
नोटिस के अनुसार, यदि किसी नागरिक के मवेशी खुले में घूमते पाए गए, तो उन्हें पकड़कर कांजी हाऊस में भेजा जाएगा और उनके रखरखाव पर होने वाला संपूर्ण खर्च संबंधित मवेशी मालिक से वसूल किया जाएगा। नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने जानवरों की उचित व्यवस्था करें और उन्हें खुले में न छोड़ें।
नगर परिषद के मुख्याधिकारी ने बताया कि यह निर्णय शहर की स्वच्छता, नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सभी घुग्घुस वासियों से इस आदेश का पालन करने की अपील की गई है।





