पुणे: हिंजवड़ी फेज 2 इलाके में हो रही भारी बारिश के चलते रायन इंटरनेशनल स्कूल के पास और अन्य कई क्षेत्रों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई है। इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने चिंता जताई है और संबंधित प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
सुले ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि इलाके में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। नालेसफाई जैसे आवश्यक कार्य समय पर नहीं किए गए, जिससे भारी बारिश के दौरान पानी जमा हो गया और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) से इस विषय पर तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। सुले ने कहा कि एमआईडीसी को इस क्षेत्र में दीर्घकालीन समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में भारी वर्षा के समय नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।




