नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। खरगे ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए क्रूर आतंकवादी हमले का हवाला देते हुए कहा कि इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए सामूहिक इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रदर्शन आवश्यक है।
अपने पत्र में खरगे ने लिखा कि यह हमला देश की संप्रभुता और अखंडता पर सीधा हमला है और ऐसे समय में संसद को एकजुट होकर एक मजबूत संदेश देना चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र यथाशीघ्र बुलाया जाए ताकि इस राष्ट्रीय संकट पर व्यापक चर्चा की जा सके और एक सर्वसम्मत रुख अपनाया जा सके।
खरगे ने यह भी कहा कि विपक्षी दल राष्ट्रीय हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और इस कठिन घड़ी में सरकार को पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि संसद देश की आवाज है और इस गंभीर हमले के बाद एक सामूहिक राजनीतिक प्रतिक्रिया समय की मांग है।
सरकार की ओर से इस मांग पर अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पहलगाम हमले के बाद देशभर में सुरक्षा व्यवस्था को चौकस कर दिया गया है और राष्ट्रीय स्तर पर इसकी निंदा हो रही है।




