दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में देर रात एक रिहायशी इमारत में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि, आग की चपेट में आकर इमारत के पास खड़ी 3 से 4 कारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग द्वारा मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग देर रात लगी थी और कुछ ही देर में इमारत के निचले हिस्से से लपटें उठने लगीं। समय रहते दमकल कर्मियों की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।




