Friday, November 27, 2026

Breathe of Life Multipurpose Society UCO BANK- A/C- 09110110049020, IFSC : UCBA0000911, MICR CODE : 442028501

spot_img
spot_img

कोविडकाल में जान जोखिम में डालकर की सेवा, अब मानधन के लिए भटक रहे कर्मचारी!

लंबित मानधन भुगतान की मांग तेज, नगर परिषद घुग्घुस प्रशासन से हिसाब मांगने की तैयारी; जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिया आंदोलन में साथ देने का भरोसा

प्रणयकुमार बंडी

घुग्घुस, चंद्रपुर : कोरोना महामारी के भयावह दौर में जब लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे थे, तब नगर परिषद घुग्घुस के स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, डॉक्टरों, नर्सों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा की थी। कोविड सेंटर से लेकर नगर परिषद की विभिन्न जिम्मेदारियों तक इन लोगों ने पूरी निष्ठा से अपना कर्तव्य निभाया। लेकिन विडंबना यह है कि उस कठिन समय में दी गई सेवा का पूरा मानधन आज भी कई लोगों को नहीं मिला है।

कोरोना काल में शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए नियमित, दैनिक वेतनभोगी और अनियमित रूप से कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बावजूद संबंधित कार्य अवधि का मानधन लंबित रहने से प्रभावित कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

अब इस मुद्दे पर नगर परिषद प्रशासन के सामने सवाल खड़े होने लगे हैं। प्रभावित लोगों की मांग है कि कोविडकाल में किए गए कार्यों की अवधि, उपस्थिति रजिस्टर और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति का बकाया मानधन तत्काल जारी किया जाए।

आखिर कहां अटका कर्मचारियों का हक?

सवाल यह भी उठ रहा है कि स्वास्थ्य विभाग के कोष में पर्याप्त राशि उपलब्ध है या नहीं? यदि राशि उपलब्ध है तो भुगतान में देरी क्यों हो रही है? क्या इसके लिए सामान्य निधि का उपयोग किया जा सकता है? नगर परिषद प्रशासन को इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

इस मामले में भाजपा गुटनेता एवं प्रभाग क्रमांक 9 की नगरसेविका मीणा राजेश मोरपाका, नगर परिषद के स्वीकृत नगरसेवक तौफीक शेख, शिवसेना (शिंदे गट) के घुग्घुस शहर प्रमुख महेश डोंगे एवं रोहन आगदारी तथा सामाजिक कार्यकर्ता अमित बोरकर ने प्रभावित कर्मचारियों के समर्थन में आवाज उठाई है।

इनका कहना है कि कोविड-19 महामारी के दौरान जिन लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा की, उन्हें उनके काम का उचित मानधन मिलना ही चाहिए। यह किसी पर एहसान नहीं, बल्कि उनके परिश्रम का जायज हक है। इस मांग को लेकर प्रशासन को पत्र देना हो या आंदोलन करना पड़े, वे प्रभावित कर्मचारियों के साथ खड़े रहेंगे।

निवेदन से आंदोलन तक पहुंच सकता है मामला!

लंबे समय से लंबित मानधन का मुद्दा अब धीरे-धीरे निवेदन और आंदोलन की दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है। ऐसे में नगर परिषद के मुख्याधिकारी, नगराध्यक्ष, सभापति और सभी नगरसेवकों के सामने यह जिम्मेदारी है कि वे मामले को केवल आश्वासन तक सीमित न रखें, बल्कि वास्तविक भुगतान सुनिश्चित करें।

कोरोना काल में सेवा करने वालों को आज अपने ही मेहनत के पैसे के लिए आवाज उठानी पड़ रही है। अब देखना यह है कि नगर परिषद प्रशासन उनके हक का मानधन कब तक दिलाता है, या फिर अपने अधिकारों के लिए इन कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा?

spot_img

Pranaykumar Bandi

WhatsApp No - 9112388440
WhatsApp No - 9096362611
Email id: vartamanvarta1@gmail.com

RELATED ARTICLES
Today News

Breaking News

Crime News