लेआउट की अधिकृत मंजूरी और सरकारी अनुमति को लेकर जांच के घेरे में जमीन की खरीद-बिक्री, संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश
प्रणयकुमार बंडी
घुग्घूस, चंद्रपुर : यवतमाल जिले की वणी तहसील के मौजा चिंचोली में कथित तौर पर आवश्यक सरकारी अनुमति प्राप्त किए बिना लेआउट तैयार कर भूखंडों की बिक्री किए जाने का मामला अब प्रशासनिक जांच के दायरे में आता दिखाई दे रहा है। इस संबंध में वणी के तहसीलदार कार्यालय की ओर से हालही में संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी किए जाने का दस्तावेज सामने आया है। नोटिस में लेआउट को सक्षम प्राधिकरण की अधिकृत मंजूरी प्राप्त है या नहीं, इसकी जांच के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मौजा चिंचोली में लेआउट तैयार कर भूखंडों की बिक्री किए जाने को लेकर एक युवक की ओर से शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के आधार पर तहसीलदार कार्यालय ने संबंधित लेआउट की मंजूरी, अभिलेखों और सक्षम नियोजन प्राधिकरण की नोंद की जांच करने की प्रक्रिया शुरू की है।

नोटिस में संबंधित व्यक्तियों को लेआउट की अधिकृत मंजूरी होने पर मंजूरी आदेश और स्वीकृत लेआउट नक्शे की प्रतियां प्रस्तुत करने तथा मंजूरी नहीं होने की स्थिति में स्पष्ट जानकारी देने को कहा गया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द वस्तुस्थिति दर्शाने वाला अभिप्राय एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नगरसेवक को भी नोटिस जारी होने की चर्चा!
सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, इस जमीन और प्लॉटिंग से जुड़े मामले में एक नगर सेविका को भी नोटिस जारी किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित व्यक्ति की भूमिका और नोटिस का वास्तविक विवरण आधिकारिक तौर पर स्पष्ट होना अभी बाकी है। अब सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि संबंधित लोग अपने पास उपलब्ध जमीन के दस्तावेज, लेआउट मंजूरी, नियोजन प्राधिकरण की अनुमति और अन्य आवश्यक कागजात प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करते हैं या नहीं।
दिवाली की छुट्टियों के बाद सामने आ सकती है जांच की दिशा
प्रशासनिक नोटिस के बाद इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। यदि जांच के दौरान लेआउट तैयार करने अथवा भूखंडों की बिक्री में नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधितों के खिलाफ किस प्रकार की कार्रवाई की जाएगी, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। सूत्रों के अनुसार, दिवाली की छुट्टियों के बाद इस मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आ सकती है।
खरीदारों को कितना फायदा, कितना नुकसान?
इस पूरे प्रकरण का एक महत्वपूर्ण पहलू जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा आर्थिक लेन-देन भी है। चर्चाओं के अनुसार, छोटे-छोटे भूखंडों में जमीन की बिक्री कर खरीदारों को भविष्य में विकास, खदान विस्तार अथवा संभावित मुआवजे से संबंधित उम्मीदें दिखाई गई थीं या नहीं, इसकी भी जांच आवश्यक मानी जा रही है। यदि किसी खरीदार ने भविष्य में अधिक लाभ मिलने की उम्मीद से जमीन या मकान खरीदा है, तो वास्तविकता सामने आने के बाद उसके निवेश का क्या होगा? जमीन का बाजार मूल्य, सरकारी मंजूरी, कानूनी स्थिति और भविष्य में संभावित मुआवजे के दावों का क्या आधार है? ये सभी सवाल अब महत्वपूर्ण बन गए हैं।
विशेष रूप से वणी क्षेत्र में WCL की खदान विस्तार संबंधी चर्चाओं के बीच जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर किसी भी प्रकार के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना जरूरी है। खदान विस्तार या मुआवजे का उल्लेख मात्र किसी निजी जमीन अथवा भूखंड को मुआवजे के योग्य नहीं बनाता। इसके लिए संबंधित सरकारी और कंपनी के अभिलेखों की जांच आवश्यक है।
अब प्रशासनिक जांच पर टिकी निगाहें
फिलहाल सामने आए नोटिस से यह स्पष्ट है कि तहसीलदार कार्यालय ने संबंधित लेआउट की मंजूरी और दस्तावेजों को लेकर जवाब मांगा है। लेकिन क्या संबंधित पक्ष सभी आवश्यक कागजात प्रस्तुत करेंगे? क्या लेआउट को नियमानुसार मंजूरी मिली थी? यदि मंजूरी नहीं मिली तो भूखंडों की बिक्री किस आधार पर की गई? और यदि नियमों का उल्लंघन प्रमाणित हुआ तो जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
इन सवालों के जवाब प्रशासनिक जांच और आधिकारिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल चिंचोली की कथित प्लॉटिंग का मामला केवल जमीन की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि संभावित खरीदारों के निवेश, सरकारी नियमों के पालन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया है।




