घुग्घुस, चंद्रपुर : रक्षाबंधन एवं नारळी पूर्णिमा के पावन अवसर पर घुग्घुस के कुलदेवता श्री बहिरम बाबा तीर्थक्षेत्र में 28 अगस्त 2026 को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भव्य शोभायात्रा, महाप्रसाद और महाआरती सहित विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

श्री बहिरम बाबा तीर्थक्षेत्र विकास संस्था, घुग्घुस की ओर से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे आरती से होगी। इसके पश्चात सुबह 10 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 12 बजे महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा, जबकि दोपहर 2 बजे से शाम तक महाआरती का कार्यक्रम चलेगा।
आयोजकों के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नारळी पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहिरम बाबा देवस्थान में श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
आयोजक मंडल ने घुग्घुसवासियों एवं समस्त श्रद्धालु भक्तों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागी बनने तथा आयोजन की शोभा बढ़ाने का आह्वान किया है।
इस भव्य आयोजन का संयोजन माँ शक्ति माँ दुर्गा मंडल, घुग्घुस द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में बहिरम बाबा पदावली भजन मंडल, सत्यशोधक गुरुदेव सेवा मंडल, युवा राजपूत व क्रांती मंडल तथा शिवराज्यती उत्सव समिति, घुग्घुस का सहयोग रहेगा।




