Wednesday, June 10, 2026

Breathe of Life Multipurpose Society UCO BANK- A/C- 09110110049020, IFSC : UCBA0000911, MICR CODE : 442028501

spot_img
spot_img

वर्धा नदी फिर बनी दर्द का दरिया: पांच मासूमों के गम के बीच युवक ने लगाई छलांग, घुग्घुस में पसरा मातम

प्रणयकुमार बंडी

घुग्घुस, चंद्रपुर : पिछले दो दिनों से वर्धा नदी का नाम सुनते ही घुग्घुसवासियों की आंखें नम हो जा रही हैं। सोमवार को नदी किनारे मिले बच्चों के कपड़े, चप्पल और अन्य सामान ने जिस आशंका को जन्म दिया था, वह मंगलवार को पांच मासूम बच्चों के शव मिलने के साथ एक हृदयविदारक सच्चाई में बदल गई। पूरा शहर अभी उस दर्दनाक हादसे के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि बुधवार सुबह एक और चौंकाने वाली घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।

बुधवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे वर्धा नदी पर स्थित बेलोरा पुल से एक युवक द्वारा नदी में छलांग लगाने की खबर सामने आई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी और लोगों के मन में एक बार फिर भय, चिंता और दुख की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुग्घुस के आमराई वार्ड निवासी वैभव भास्कर पचारे (29 वर्ष) अपनी होंडा डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक एमएच-34-बीएल-1670) से बेलोरा पुल पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, वैभव कुछ देर तक पुल पर खड़े होकर नदी की ओर देखते रहे। इसके बाद उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल पुल पर ही खड़ी कर दी और अचानक वर्धा नदी में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही घुग्घुस पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंद्रपुर से बचाव दल को भी बुलाया गया। पुलिस और बचाव कर्मियों द्वारा नदी में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है। देर शाम तक युवक की तलाश जारी थी।

इस घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और युवक के परिजनों, मित्रों तथा परिचितों से पूछताछ कर संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

बेलोरा पुल पर घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में नागरिक मौके पर जमा हो गए। लोगों के चेहरों पर चिंता और बेचैनी साफ दिखाई दे रही थी। कई लोगों का कहना था कि पिछले दो दिनों में वर्धा नदी से जुड़ी लगातार सामने आ रही घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को मानसिक रूप से झकझोर दिया है।

एक ओर पांच मासूम बच्चों को खोने का गम अभी ताजा है, वहीं दूसरी ओर एक और युवक के नदी में लापता होने की खबर ने घुग्घुस के माहौल को और अधिक गमगीन बना दिया है। हर किसी की जुबान पर बस एक ही दुआ है कि वैभव सकुशल मिल जाएं और उनके परिवार को इस कठिन घड़ी में राहत की खबर मिले।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें तथा केवल पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा रखें।

समाचार लिखे जाने तक खोज अभियान जारी था और युवक के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

spot_img

Pranaykumar Bandi

WhatsApp No - 9112388440
WhatsApp No - 9096362611
Email id: vartamanvarta1@gmail.com

RELATED ARTICLES
Today News

Breaking News

Crime News