नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ के 21वें संस्करण के अवसर पर देशवासियों को स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि देशभर में 7000 से अधिक स्थानों पर शिक्षकों ने साइकिल चलाकर इस अभियान में भाग लिया और लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मंडाविया ने कहा, “संडे ऑन साइकिल से हम स्वस्थ रहते हैं। स्वस्थ रहने के लिए शारीरिक गतिविधि बहुत आवश्यक है। आज हम डिजिटल तो हो गए हैं, लेकिन फिजिकल गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी समाधान है। “साइकिलिंग से हम प्रदूषण को भी कम कर सकते हैं,” उन्होंने जोड़ा।
इस आयोजन के माध्यम से देश के शिक्षकों ने समाज को प्रेरित करने की पहल की और एक स्वस्थ, सक्रिय एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।




