घुग्घुस (चंद्रपुर): स्थानीय मा.आ.श्री सुधीरभाऊ मुनगंटीवार सेवा केंद्र एवं प्रयास सखी मंच के तत्वावधान में 15 फरवरी को बांगडे ले-आउट में “सुधीरभाऊ मुनगंटीवार खेल और सांस्कृतिक महिला महोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया. इस महोत्सव में बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन की उपस्थिति और घुग्घुस की महिलाओं का जोश देखते ही बनता था.
हालांकि, इस आयोजन के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं. जिस विधानसभा क्षेत्र में यह महोत्सव हुआ, वहां के स्थानीय विधायक किशोर जोर्गेवार की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गई. साथ ही, भाजपा के अन्य दो विधायकों को न बुलाया जाना भी सवाल खड़े कर रहा है. वहीं, बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुधीर मुनगंटीवार के नाम पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाना एक सोची-समझी रणनीति मानी जा रही है. मंच पर मुनगंटीवार के समर्थकों द्वारा उन्हें “गुरु” कहकर संबोधित करना भी राजनीतिक हलचलों को हवा दे गया है.
“घुग्घुस शहर भी बड़ा है मस्त मस्त” – सुधीर मुनगंटीवार
कार्यक्रम में बोलते हुए विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि घुग्घुस से उनका संबंध 1995 से है और इस क्षेत्र के विकास के लिए वे हमेशा प्रयासरत रहे हैं. जब वे मंच पर आए, तो रवीना टंडन के लोकप्रिय गाने की धुन बजाई गई, जिस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा – “ये घुग्घुस शहर भी बड़ा है मस्त मस्त.
उन्होंने इस महोत्सव को खेल, संस्कृति और एकता का संगम बताते हुए आयोजकों की बेहतरीन योजना और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की.
“महिलाओं को अपनी शक्ति पहचाननी चाहिए” – रवीना टंडन
बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन ने इस आयोजन के लिए विधायक सुधीर मुनगंटीवार का आभार जताया और इसे महिला सशक्तिकरण, समानता और सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने वाला महोत्सव बताया.
उन्होंने विधायक देवराव भोंगळे के मार्गदर्शन में चल रहे सेवा केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि सुधीरभाऊ एक ऐसे नेता हैं, जो सेवा को प्राथमिकता देते हैं.
महिलाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा –
“महिलाओं में अपनी क्षमता को पहचानने और उसे सही दिशा में उपयोग करने की ताकत होती है. उन्हें खुद को साबित करना चाहिए और अपने अंदर छिपी शक्ति को पहचानना चाहिए.”
“यह महोत्सव सेवा और सांस्कृतिक सृजनशीलता का प्रतीक” – सपना मुनगंटीवार
सपना मुनगंटीवार ने इस अवसर पर कहा कि यह महोत्सव केवल कला और संस्कृति का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं की शक्ति और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का प्रतीक है.
उन्होंने विधायक देवराव भोंगळे की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा सुधीर मुनगंटीवार के मार्गदर्शन में सेवा को प्राथमिकता दी है. महिलाओं को एक मंच देने का उनका प्रयास सराहनीय है.
राजनीतिक हलचल तेज!
कार्यक्रम में भाजपा के अन्य दो विधायकों को आमंत्रित न करना और स्थानीय विधायक किशोर जोर्गेवार की अनुपस्थिति ने राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दिया है. क्या यह आयोजन घुग्घुस में नए राजनीतिक समीकरण गढ़ने की कोशिश है? यह सवाल अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है.
इस आयोजन में विधायक देवराव भोंगळे, भाजपा जिला महामंत्री विवेक बोढे, प्रयास सखी मंच की मार्गदर्शिका अर्चना भोंगळे, अध्यक्ष किरण बोढे, सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे.




