नगदी, सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन जब्त, नागपुर के दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
वरोरा, चंद्रपुर : वरोरा पुलिस ने घरफोड़ चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन सहित कुल 30 लाख 35 हजार 198 रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता समीना अली असगर बोहरा, निवासी हनुमान व्यायाम शाला के पास, वरोरा ने 5 नवंबर 2026 को पुलिस स्टेशन वरोरा में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर मुंबई गए थे। 5 नवंबर को सुबह करीब 3:30 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया। अंदर जाकर देखने पर बेडरूम की अलमारी का दरवाजा खुला था और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे।
इस मामले में वरोरा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे का फुटेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को नागपुर के दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से चोरी का माल बरामद किया गया। इसमें सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण, 25 हजार रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक साधारण मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए माल की कुल कीमत 30 लाख 35 हजार 198 रुपये है। इसके अलावा घटनास्थल से मिले फुटप्रिंट और आरोपियों के कपड़ों से जुड़े साक्ष्य भी जांच में महत्वपूर्ण साबित हुए।
आगे की जांच वरोरा पुलिस कर रही है।




