गड़चिरौली: गड़चिरौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर देशी और विदेशी शराब की अवैध खेप पकड़ ली। यह कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी), गड़चिरौली पुलिस तथा आष्टी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो चारपहिया वाहनों सहित कुल ₹22,99,400 मूल्य की अवैध देशी एवं विदेशी शराब जब्त की। मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गड़चिरौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में दारूबंदी कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने और समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को और मजबूत किया जा सके।
गड़चिरौली पुलिस ने दोहराया कि वह “नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर” है।




