भारत : भारत में फेस्टिव सीजन की शुरुआत के साथ ही मनोरंजन की दुनिया में एक बड़ा धमाका होने जा रहा है। जिओ स्टार इस त्योहारों के मौसम को और भी भव्य बनाने के लिए पूरे देश में बिग बॉस के छह अलग-अलग क्षेत्रीय संस्करणों को एक साथ पेश करने की तैयारी कर रहा है। सितंबर 2026 से शुरू होने वाले इस फेस्टिव सीजन में दर्शकों को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला भाषाओं में बिग बॉस के नए सीजन देखने को मिलेंगे। यह देश की सबसे बड़ी रियलिटी एंटरटेनमेंट फ्रेंचाइजी का अब तक का सबसे बड़ा और अनोखा प्रयास माना जा रहा है। ये सभी छह वर्शन जिओ स्टार टेलीविजन नेटवर्क और जिओ हॉटस्टार पर प्रसारित किए जाएंगे।
इस बड़े अभियान को और भी खास बनाने के लिए मनोरंजन जगत के दिग्गज होस्ट एक बार फिर वापसी कर रहे हैं। इनमें सलमान खान, विजय सेतुपति, नागार्जुन, किच्चा सुदीपा और मोहनलाल शामिल हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में इस शो की पहचान बन चुके हैं। इसके साथ ही इस साल बंगाल की शान सौरव गांगुली भी इस फ्रेंचाइजी से जुड़ रहे हैं, जिससे शो की स्टार-पावर काफी बढ़ गई है। इस ऐतिहासिक मौके पर जिओ स्टार ने एक खास डेटा-समृद्ध कॉफी टेबल बुक भी लॉन्च की है, जिसका नाम ‘India’s Bigg Reality’ रखा गया है। यह किताब पिछले दो दशकों में शो के सांस्कृतिक प्रभाव और ब्रांड्स के लिए इसके महत्व को दर्शाती है।
महेश शेट्टी (प्रमुख, मनोरंजन बिक्री, टीवी, जिओ स्टार) ने इस मौके पर कहा, यह शो न केवल दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है, बल्कि भारत का सबसे असरदार मार्केटिंग प्लेटफॉर्म भी साबित हुआ है। साल 2025 में बिग बॉस ने विभिन्न भाषाओं में 500 मिलियन से अधिक दर्शकों तक पहुंच बनाई और 438 बिलियन से अधिक व्यूइंग मिनट्स हासिल किए। इस प्लेटफॉर्म पर 46 श्रेणियों के 625 से ज्यादा ब्रांड्स ने भरोसा जताया है, जिसमें 49 नए ब्रांड्स भी शामिल हैं। विज्ञापनदाताओं को इस शो के माध्यम से अपनी ब्रांड जागरूकता और खरीदारी के इरादे में शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली है। शो के अंदर पारंपरिक विज्ञापनों के बजाय नए और दिलचस्प तरीकों से ब्रांड्स को दर्शकों के सामने पेश किया जाता है, जिससे उनकी भागीदारी और गहरी होती है।
भास्कर रमेश (प्रमुख, एंटरटेनमेंट सेल्स, डिजिटल, जियो स्टार) ने इस मौके पर कहा, क्षेत्रीय स्तर पर भी बिग बॉस की पकड़ बेहद मजबूत है। यह हिंदी भाषी बाजारों में 200 मिलियन से अधिक और दक्षिण भारत में 300 मिलियन से अधिक दर्शकों तक पहुंचता है। दक्षिण भारत में टेलीविजन देखने वाले हर 10 में से 8 लोग इस शो से जुड़े हुए हैं, जो इसे अन्य रियलिटी शो की तुलना में साढ़े तीन गुना अधिक लोकप्रिय बनाता है। डिजिटल एंगेजमेंट के मामले में भी 9.32 बिलियन से अधिक वोट और 43 एंबिएंट लाइव चैट इस बात का सबूत हैं कि दर्शक इसमें सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर 1.7 बिलियन से अधिक एंगेजमेंट और 30 मिलियन से ज्यादा मीम्स ने इसे इंटरनेट का सबसे बड़ा ट्रेंड बना दिया है। जिओ स्टार हर हफ्ते 800 मिलियन से अधिक दर्शकों तक अपनी पहुंच बनाकर मनोरंजन के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है।




