प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस-वणी मार्ग पर स्थित वर्धा नदी के किनारे रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां कुछ नाबालिग बच्चों के कपड़े, चप्पल एवं अन्य सामान पड़े होने की सूचना मिली। सूचना फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवकों तथा पुलिस कर्मियों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुग्घुस नगर परिषद के प्रभाग क्रमांक 07 स्थित इंदिरानगर क्षेत्र के लगभग 4 से 5 नाबालिग बच्चे आज दिनांक 08 जून 2026 को दोपहर के समय घर से बाहर निकले थे। देर शाम तक उनके घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग बच्चों की तलाश में जुट गए।
इसी दौरान वर्धा नदी के किनारे कुछ बच्चों के कपड़े, चप्पल और अन्य सामग्री मिलने की चर्चा फैल गई, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता और भय का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी तथा लापता बच्चों की तलाश तेज कर दी है।
बच्चों के परिजनों का थाना आना-जाना लगातार जारी है। परिजन किसी भी संभावित अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं और बच्चों के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
खबर लिखे जाने तक बच्चों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है तथा लापता बच्चों की खोजबीन जारी है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा बच्चों के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।




