बल्लारपुर/विसापुर (चंद्रपुर) : सोशल मीडिया पर वायरल जानकारी और पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, विसापुर में शुक्रवार 15 मई 2026 की शाम हुई 17 वर्षीय युवक विराज राजेश आगदरी की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुरानी रंजिश में युवक का पीछा कर पहले धारदार हथियार से हमला और बाद में पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की घटना ने समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
इस मामले में बल्लारपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक विधि संघर्ष बालक सहित पांच युवकों को नागपुर से हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गये युवकों में मोनू उर्फ रौनक सुखपाल निषाद (19), आकाश रामकरन निषाद (21), जिशान शरीफ सिद्दीकी (19), समीर कलीम खान (21) तथा एक विधि संघर्ष बालक का समावेश बताया गया है।
चर्चाओं और प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक विराज और आरोपियों के बीच लगभग तीन महीने पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में दुश्मनी बढ़ गई थी। शुक्रवार शाम विराज अपने मित्रों के साथ विसापुर के तुकडोजी चौक स्थित एक हेयर सैलून में गया था। उसी दौरान युवक दो दोपहिया वाहनों से वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके हाथों में धारदार हथियार थे, जिन्हें देखकर युवक भागने लगे।
बताया जा रहा है कि युवकों ने विराज का पीछा करते हुए महात्मा फुले चौक से सुरभी चौक मार्ग तक हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसके सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद युवक वाहन लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बल्लारपुर पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर घुग्घुस, वरोरा मार्ग होते हुए नागपुर तक तलाश अभियान चलाया और 24 घंटे के भीतर सभी युवकों को पकड़ लिया।
लेकिन इस पूरी घटना ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर हत्या के बाद आरोपी घुग्घुस क्यों पहुंचे? वरोरा मार्ग से नागपुर भागने की योजना किसने बनाई? क्या इस अपराध में और लोग भी शामिल हैं? क्या हत्या पहले से सुनियोजित थी? पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
कानून के जानकारों के अनुसार यदि जांच में यह साबित होता है कि हत्या पूर्व नियोजित थी और आरोपी सामूहिक रूप से घातक हथियार लेकर पहुंचे थे, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई संभव है। नाबालिग की संलिप्तता भी समाज के लिए बेहद चिंताजनक संकेत मानी जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि 17 साल की उम्र में आखिर युवाओं के हाथों में किताबों की जगह हथियार क्यों दिखाई दे रहे हैं? छोटी-छोटी रंजिशें अब सीधे खूनी संघर्ष में बदल रही हैं। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, बदला लेने की मानसिकता और कानून का भय कम होना समाज के लिए खतरनाक संकेत माना जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते युवाओं में बढ़ती आपराधिक मानसिकता पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में ऐसे घटनाक्रम और भयावह रूप ले सकते हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस हत्याकांड को लेकर तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।




