नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के निदेशक (तकनीकी/संचालन) सुनील प्रसाद सिंह ने 03 दिसंबर 2025 को निगाही परियोजना का विस्तृत निरीक्षण किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने पश्चिम सर्फेस माइनर फेस की समीक्षा की और पश्चिम खंड में निर्माणाधीन रिसीविंग पिट की प्रगति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने वेस्टर्न स्ट्रीम को पुराने साइलो से जोड़ने की स्थिति का स्थल पर जाकर अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने खदान में चल रहे खनन कार्य, ओवरबर्डन (ओबी) निष्पादन, मशीनरी की उपलब्धता और उसके उपयोग, सीएचपी (कोल हैंडलिंग प्लांट) संचालन तथा कोयला परिवहन गतिविधियों का विस्तार से आकलन किया। उन्होंने खान सुरक्षा उपायों की वर्तमान स्थिति की भी गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
सोलर प्रोजेक्ट के संचालन को बेहतर बनाने पर भी निर्देश
खनन गतिविधियों की समीक्षा के पश्चात् श्री सिंह ने परियोजना परिसर स्थित सोलर प्लांट का निरीक्षण कर उसके प्रदर्शन एवं रखरखाव में गुणवत्ता सुधार हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में दक्षता बढ़ाना भविष्य की जरूरत है, जिसके लिए नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर तकनीकी दृष्टिकोण आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी निगाही, महाप्रबंधक (खनन), निदेशक (तक./संचालन) के तकनीकी सचिव, विभागाध्यक्ष (सौर ऊर्जा) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




