पंजिम, गोवा — भारत के प्रतिष्ठित 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आइएफएफआई) 2025 का भव्य आगाज़ गुरुवार को एक ऐतिहासिक कार्निवल परेड और रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुआ। पूरे देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती शानदार झांकियों और परफॉर्मेंस ने उद्घाटन समारोह को देखने लायक बना दिया।
परंपरा से हटकर इस वर्ष के उद्घाटन में गोवा के गवर्नर पुसापति अशोक गजपति राजू और मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने तुलसी के पौधे को पानी देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फेस्टिवल की शुरुआत की। यह अनूठा कदम आइएफएफआई के ‘इको-फ्रेंडली’ दृष्टिकोण का प्रतीक रहा।
सिनेमा थीम पर आधारित भव्य कार्निवल परेड
उद्घाटन समारोह की खास आकर्षण रही कार्निवल-स्टाइल शोकेस, जिसमें प्रमुख प्रोडक्शन हाउसों ने सिनेमा-प्रेरित झांकियां प्रस्तुत कीं।
नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएफडीसी) ने अपनी 50वीं वर्षगांठ पर विशेष झांकी निकाली, जिसमें जाने भी दो यारों, द लंचबॉक्स, सलाम मुंबई सहित कई क्लासिक फिल्मों के प्रतीकात्मक पोस्टर प्रदर्शित किए गए।
वहीं, महावतार नरसिम्हा को समर्पित सुंदर झांकी ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा।
गोवा—भारत का उभरता फिल्म डेस्टिनेशन
मुख्यमंत्री डॉ. सावंत ने अपने संबोधन में गोवा को भारत का सबसे पसंदीदा शूटिंग डेस्टिनेशन बताते हुए कहा कि राज्य के वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत टूरिज्म सेक्टर और फिल्ममेकर्स के लिए अनुकूल नीतियों ने इसे फिल्म उद्योग की पहली पसंद बना दिया है।
उन्होंने फिल्म फाइनेंस स्कीम, सिंगल-विंडो क्लीयरेंस, और अन्य सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आइएफएफआई भारतीय टैलेंट को दुनिया से जोड़ने वाला अहम पुल है।
270 फिल्मों के साथ अंतरराष्ट्रीय चमक
गवर्नर राजू ने बताया कि इस वर्ष 84 देशों की 270 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी, जो विश्व सिनेमा, भारतीय सिनेमा और उभरते टैलेंट का शानदार मिश्रण पेश करेंगी। उन्होंने गोवा में आइएफएफआई को स्थायी रूप देने में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के योगदान को भी याद किया।
उद्घाटन समारोह में ब्राज़ीलियन फिल्म निर्देशक गैब्रियल मस्कारो की फिल्म ‘द ब्लू ट्रेल’ की स्क्रीनिंग भी हुई, जिसने हाल ही में बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में ग्रैंड जूरी प्राइज जीता था।
28 नवंबर को भव्य समापन
आइएफएफआई 2025 का आयोजन 28 नवंबर तक चलेगा, जिसके बाद एक शानदार क्लोजिंग समारोह के साथ इसका समापन होगा।
इसके साथ ही, वेव्स फिल्म बाजार, जिसका उद्घाटन 20 नवंबर को हुआ था, 24 नवंबर को समाप्त होगा।




