नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम करीब 7 बजे लाल किले के पास एक भीषण विस्फोट की घटना से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट एक हुंडई i20 कार में हुआ, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीमें मौके पर पहुंचीं। इलाके को तत्काल घेराबंदी कर दिया गया और जांच शुरू कर दी गई।
डीसीपी उत्तरी दिल्ली राजा बांठिया के अनुसार, “अभी कोतवाली थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। अपराध स्थल पर FSL की टीम और अन्य एजेंसियों की टीमें मौजूद हैं। जो भी जांच के लिए जरूरी साक्ष्य और निशान हैं, उन्हें एकत्र किया जा रहा है।”
विस्फोट के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार यह धमाका आकस्मिक था या साजिश, इसका पता जांच के बाद ही लगाया जा सकेगा। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कार के मालिक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में भगदड़ मच गई। फिलहाल, क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को भी मामले की जानकारी दी गई है।




