कांकेर/छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस की बढ़ती सक्रियता और शासन के नक्सल उन्मूलन अभियान ‘पूना मारगेम’ के तहत आज 21 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन नक्सलियों ने विभिन्न नक्सल संगठनों से जुड़कर लंबे समय से हिंसक गतिविधियों में भाग लिया था, पर अब उन्होंने हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में कई स्थायी व मिलिशिया सदस्य शामिल हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के समक्ष अपने हथियार जमा कर शांति व विकास के मार्ग पर चलने की इच्छा जताई।
‘पूना मारगेम’ यानी “नई दिशा की ओर” अभियान के तहत नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार जनजागरण, विश्वास निर्माण और पुनर्वास की पहल की जा रही है, जिससे नक्सली विचारधारा से भटके लोग समाज में वापस लौट रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को शासन की पुनर्वास नीति के अंतर्गत आर्थिक सहायता और पुनर्वास सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
पुलिस का कहना है कि यह आत्मसमर्पण नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी सफलता है और इससे क्षेत्र में शांति एवं विकास को नया बल मिलेगा।




