(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर : श्री विठ्ठल मंदिर देवस्थान, घुग्घुस की दसरा उत्सव समिति हर वर्ष की तरह इस बार भी दसरा पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाती है। परंपरागत रूप से यह आयोजन समाज को एकजुट करने, सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने और विजयादशमी के ऐतिहासिक महत्व को जनमानस तक पहुँचाने के लिए किया जाता है।
दसरा का पर्व भारतीय इतिहास और संस्कृति में विशेष स्थान रखता है। यह दिन असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय, और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। प्राचीन काल में इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर मर्यादा, धर्म और सद्गुणों की रक्षा की थी। इसलिए इसे विजयादशमी भी कहा जाता है।
घुग्घुस में श्री विठ्ठल मंदिर देवस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वर्षों से समाजबंधु उत्स्फूर्त सहभाग दर्ज कराते आए हैं। इस आयोजन ने केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी लोगों को जोड़ने का कार्य किया है। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहीर और चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोर जॉरगेवार जैसे जनप्रतिनिधि भी शामिल होकर समाज के साथ एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं।
इतिहास गवाह है कि विजयादशमी का यह पर्व हर दौर में समाज को सत्य, सद्गुण और धर्म की राह पर चलने की प्रेरणा देता आया है। घुग्घुस में इस उत्सव की परंपरा आज भी उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जाती है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।





