(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर : जिले में लोकनिर्माण विभाग (PWD) द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। हालांकि, कई जगह इन कार्यों की रफ्तार पिछले कई वर्षों से कछुआ गति पर ही अटकी हुई है। संबंधित अधिकारियों की उदासीनता से नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है और अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इन निर्माण कार्यों में लापरवाही क्यों बरती जा रही है।
सबसे ताजा उदाहरण शेनगांव–सोनेगांव मार्ग का है। यहां महज एक किलोमीटर के दायरे में जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। कुछ ही महीने पूर्व इस मार्ग का निर्माण कार्य पूरा किया गया था, लेकिन बरसात के मौसम ने सड़क की असली गुणवत्ता उजागर कर दी।
भास्कर सोनेकर (युवा नेते काँग्रेस शेणगांव) ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि छोटे वाहनों का आवागमन होने के बावजूद सड़क इतनी जल्दी खराब हो जाना, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है। उन्होंने मांग की है कि इस सड़क की जांच कराई जाए और स्पष्ट किया जाए कि काम नियमों के अनुसार किया गया है या फिर इसमें भ्रष्टाचार की भूमिका रही है।
सोनेकर ने यह भी कहा कि भविष्य में किसी भी मार्ग के निर्माण से पहले उसकी तकनीकी जांच अवश्य की जाए, ताकि जनता के पैसे का सही उपयोग हो सके और बार-बार सड़कें खराब होने की समस्या से मुक्ति मिल सके।





